विभीषण और जयचन्द का शीर्षासन
# मूलचंद्र गौतम
इतिहास की व्याख्याओं से ज्यादा महत्वपूर्ण काम है उसे बदलना।लोक में इतिहास ज्यादातर यों भी तथ्यों और तर्कों के बजाय मिथकों,जनश्रुतियों और अफवाहों पर चलता है।इसलिए उसे बदलना इतना आसान काम नहीं जितना समझा जाता है।इतिहास की द्वंद्वात्मक पद्धति कई बार उसे बदलने का काम जबरदस्ती करती है।मार्क्स ने हीगेल को शीर्षासन कराया था ताकि लोग आदर्श भावुकता से निकलकर यथार्थ की दुनिया में आकर देखें कि उसकी असलियत क्या है।सत्ता ने इस पद्धति का भरपूर दुरुपयोग किया।सर्वहारा के नाम पर क्या क्या नहीं हुआ?यही हाल धर्म को लेकर हुआ तो जनता जाये तो जाये कहाँ ?
इसलिए अब हर फील्ड में उल्टी गंगा बहाने वालों ने दुनिया को ठेके पर ले लिया है।तकलीफ इस बात से ज्यादा होती है जब पता चलता है कि राम के नाम पर सिक्का रावण का चल रहा है ।कलिकाल में घर का भेदी लंका ढाये ने बड़ा ऊटपटांग उत्पात मचा रखा है।पता ही नहीं चलता कि ऐसा कहनेवाले राम भक्त हैं या रावण भक्त?त्रेता में रावण से लातें खाने के बाद विभीषण ने राम के पक्ष में दलबदल किया था। क्या पता था कि बाद में राम के प्रति वफादारी का जिन्दगी भर बदनामी का यह इल्जामी इनाम उसे मिलेगा कि नाम इज्जत से लेना तो दूर कोई अपने बच्चे तक का नाम उसके नाम पर नहीं रखेगा।न रामराज्य में उसकी इज्जत होगी न रावण राज्य में।वह न घर का रहेगा न घाट का।
आधुनिक युग में यही दुर्गति राष्ट्रभक्तों के हाथों जयचन्द की हुई है।जिस प्रतापी पिता की बेटी को स्वयंवर से जबरिया उठा लिया गया हो उससे राजानिष्ठा की उम्मीद रखने वाले कितने अमानवीय हो सकते हैं, यह उसका जीताजागता उदाहरण है।उसे तो ऑनर किलिंग तक से वंचित कर दिया गया।ऐसे पिता की अपहरणकर्ता से क्या सहानुभूति हो सकती है ?लेकिन लोगों को तो हर बात में मजे चाहिए।सो आज तक गाली खा रहा है बेचारा पिता ।सच्चाई किसी को नहीं दिखती।
इन दोनों महान चरित्रों के साथ भारतीय जनमानस ने न्याय नहीं किया।इतिहास बदलने के नाम पर जब जगहों,इमारतों और रास्तों के नाम बदले जा रहे हों तो उम्मीद बंधती है कि सच्चे राम भक्त और राष्ट्र भक्त कम से कम अपने एक एक बच्चे का नाम इनके नाम पर रखेंगे और सदियों से होते चले आ रहे अन्याय को शीर्षासन करायेंगे।आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि नयी शिक्षा नीति में पाठ्यक्रमों और मुहावरों में भी इन महान विभूतियों का सही उल्लेख किया जायेगा।
#शक्ति नगर,चन्दौसी,संभल 244412
मोबाइल 8218636741
No comments:
Post a Comment